Jawaharlal Nehru Stadium Stage Collapse: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर 2 के पास पंडाल गिरने से आठ से अधिक लोग घायल हो गए हैं। इस बात की जानकारी दिल्ली पुलिस के द्वारा दी गई है।
वहीं, बताया जा रहा है कि कई पंडाल गिरने से नीचे दबे हुए हैं। राहत-बचाव का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
शादी के लिए तैयार हो रहा था पंडाल
मिली जानकारी के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शादी के लिए गेट नंबर-2 पर एक पंडाल तैयार हो रहा था। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार जोर की आवाज हुई और पंडाल गिर गया। फिलहाल, सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। मजदूरों के अनुसार, जिस वक्त यह घटना घटी अधिकतर मौजूद खाना खा रहे थे।
यहां से लोगों ने पुलिस और फायर डिपार्टमेंट को सूचना दी। मौके पर फायर डिपार्टमेंट की टीम भी पहुंची है।
रेस्क्यू ऑपरेशन है जारी
फायर डिपार्टमेंट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम परिसर में जिस जगह पर पंडाल गिरा है वहां पर लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। क्रेन की मदद से पंडाल को हटाया जा रहा है। यह घटना सुबह लगभग 11 बजे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के गेट 2 पर हुई। यहां पर शादी समारोह के लिए लगाया जा रहा एक पंडाल गिर गया।
लगभग 10-12 लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन सभी को फिलहाल हटा दिया गया और इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल कोई हताहत नहीं हुआ है। मौके पर दिल्ली पुलिस, अग्निशमन और एम्बुलेंस मौजूद हैं।
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के मेडिकल तकनीशियन-आपातकालीन सेवा आसिफ अंसारी ने बताया कि 10-12 लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान जारी है।