शहर के मगनीराम बांगड़ मेमोरियल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय का एक प्रोफेसर लड़कियों के कपड़ों को लेकर गंदे-गंदे कमेंट करता था। कई बार तो वह लड़कियों को गंदे इरादे से छूता भी था।
रात में लॉन्ग ड्राइव-शराब पार्टी में चलने के लिए मैसेज भी करता था। उसकी बातों को नहीं मानने वालों को धमकाता भी था। कहता था- तुम मेरा कुछ भी नहीं बिगाड़ पाओगे। छात्राओं से छेडख़ानी रोकने के लिए बनी कमेटी ने गत शनिवार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। छात्राओं की ओर से प्रोफेसर पर छेडख़ानी और यौन शोषण के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों को कमेटी ने सही माना था। छात्र- छात्राओं की तरफ से इस बारे में रातानाडा थाने में गत दिनों लिखित में परिवाद दिया गया था। इस पर अब प्रोफेसर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच एसआई भंवरसिंह की तरफ से की जा रही है।
कुलपति अजय कुमार शर्मा ने कमेटी की ओर से दी रिपोर्ट को लेकर कहा- सभी आरोप सत्य पाए गए हैं। छात्राओं की शिकायत में सत्यता है। आरोपित प्रोफेसर को गत शुक्रवार शाम को ही सस्पेंड कर दिया गया था।