सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम बिरखेरा में फसल काटने को लेकर हुए विवाद में गोली मारने की घटना में घायल के पुत्र ने शुक्रवार को गांव के पांच लोगों को नामजद करते हुए 6 अज्ञात के खिलाफ प्राणघातक हमले का मुकदमा दर्ज कराया है।बिरखेरा गांव के अतरैया हार में गुरुवार शाम फसल काटने के विवाद में बिरखेरा निवासी कृष्ण नारायण पाठक को गांव निवासी वीरेंद्र सिंह, रवि सिंह, भास्कर सिंह, भोलू सिंह, महेश पाल ने आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। इस घटना में घायल कृष्ण नारायण पाठक की पुत्री का पुत्र प्रशांत तिवारी निवासी पहरा थाना कबरई जिला महोबा भी घायल हुआ था। घायल कृष्ण नारायण पाठक के पुत्र अमित कुमार पाठक ने फसल विवाद का आरोप लगाकर तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। मुकदमा दर्ज होते ही आरोपित भूमिगत हो गए हैं। पुलिस गोली लगने की घटना को अभी संदिग्ध मान रही है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके गहनता के साथ जांच कराई जा रही है।